22 जनवरी 2023

भारत की सबसे सुन्दर कॉलेज इमारतों में से एक है आगरा का सेंट जॉन्स कॉलेज

 

आगरा। यदि भारत की सबसे सुन्दर कॉलेज इमारतों को ढूंढा जाय तो वह आगरा में है। इंडो-सरैसेनिक वास्तुकला में लाल बलुआ पत्थर में बना आगरा का सेंट जोन्स कॉलेज  भारत की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक है। सेंट जॉन्स कॉलेज, आगरा की स्थापना 1850 में इंग्लैंड की चर्च मिशनरी सोसाइटी द्वारा आगरा सी.एम.एस. के प्रयासों से की गई थी। इस प्राचीन  कॉलेज के पहले प्राचार्य रेव थॉमस वाल्पी फ्रेंच थे। उन्होंने इसकी स्थापना के समय, कॉलेज का  पाठ्यक्रम तैयार किया और  परीक्षा आयोजित की। 1862 से 1888 तक कॉलेज कलकत्ता विश्वविद्यालय और बाद में 1927 तक इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध रहा। 1927 में आगरा विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य डॉ. ए.डब्ल्यू. डेविस इसके पहले कुलपति बने और कॉलेज आगरा विश्वविद्यालय से संबद्ध हो गया।शताब्दी विंग की आधारशिला 1958 में भारत के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न सर्वपल्ली राधाकृष्णन द्वारा रखी गई थी ।

सेंट जॉन्स कॉलेज ने अपनी शुरुआत से ही शिक्षा के विस्तार के लिए प्रयास किया, शिक्षा के माध्यम से सामाजिक न्याय की व्यवस्था और दलितों के उत्थान को अपनी प्रमुख चिंताओं में से एक के रूप में रखा। पहले अनुसूचित जाति के छात्र को 1892 की शुरुआत में प्रवेश दिया गया था। कॉलेज 1891 में बी.ए. के साथ प्रथम श्रेणी का कॉलेज बन गया था ।