31 मई 2022

आगरा उत्तरी बाईपास के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाया जाये

 -- इनर रिंग रोड को भी शमसाबाद रोड से रोहता तक जोड़ा जाए

चैंबर अध्‍यक्ष शलभ शर्मा

आगरा: नेशनल चैंबर आफ कामर्स ऐंड इंडस्‍ट्रीज के  अध्यक्ष शलभ शर्मा ने उत्तरी बाईपास के निर्माण कार्य को प्रारम्भ करने में शिथिलता पर चिंता व्यक्त करते हुए  ,  केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र भेज चिंता जतायी है। उन्‍होंने कहा है कि उत्तरी बाईपास का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए।  उत्तरी बाईपास के न बनने से आगरा होकर गुजरने वाले वाहन शहर में होकर जाते हैं जिससे शहर में प्रदूषण होता है, जगह जगह जाम लगता है । 

 उत्तरी बाईपास के बनने से जयपुर व दिल्ली की ओर से

आने वाले वाहन जो कानपुर, कोलकाता एवं देहरादून की ओर जाते हैं तथा कानपुर, कोलकाता एवं देहरादून की ओर से आने वाले वाहन जो ग्वालियर, जयपुर और दिल्ली की ओर जाते हैं शहर में प्रवेश नहीं करेंगे।  उत्तरी बाईपास दक्षिणी बाईपास के निकट एनएच-2 (अब एनएच-19) से यमुना एक्सप्रेस वे को 17.7 लम्बे मार्ग द्वारा लिंक करेगा। साथ ही दक्षिणी बाईपास को भी 18 किलोमीटर फतेहाबाद रोड पर जोड़ा जाएगा।

 नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अक्टूबर 2021 में उत्तरी बाईपास को एक्सप्रेस वे से लिंक करने के लिए टेंडर भी आमंत्रित किए थे।  लेकिन अब तक कार्यशुरू ही नहीं हो सका है।  उत्तरी बाईपास का काम पूरा होने के बाद दक्षिण बाईपास को ग्वालियर हाईवे से 18 किलोमीटर फतेहाबाद रोड पर जोड़ना भी प्रस्तावित है। 

चैंबर की ओर से भेजे गये पत्र की प्रति  केंद्रीय राज्यमंत्री, विधि एवं न्याय प्रो. एस पी सिंह बघेल तथा फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के सांसद  राजकुमार चाहर को भी प्रेषित की गयी है।

फिलहाल पुल का निर्माण ही तेजी पर

एनएचएआई ने इस कार्य के लिए 483 करोड़ रुपये की लागत आंकलित की हुई है। 2015 से आगरा में इनर रिंग रोड परियोजना प्रस्तावित है। इसे दो हिस्सों में तैयार किया गया है। 

रायपुर जाट से दक्षिणी बाईपास शुरू होकर महुअर से मलपुरा होते हुए ग्वालियर रोड तक जाता है। यहां से करीब 18 किमी सड़क बनाकर इसे फतेहाबाद रोड से जोड़ा जाएगा। इससे पहले उत्तरी बाईपास को यमुना नदी के ऊपर से गुजारते हुए दिल्ली-आगरा हाइवे और यमुना एक्सप्रेस से जोड़ा जाएगा। इसके लिए यमुना नदी पर नया पुल भी प्रस्तावित था,जिसके निर्माण का कार्य तेजी के साथ चल रहा है।