चंडीगढ़ में पहला कोविड पॉजिटिव मामला सामने आते ही उन सभी लोगों को क्वारंटाइन करना शुरु कर दिया गया, जो उस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए थे। क्वारंटाइन किए गए लोगों को सीवीडी ट्रैकर ऐप के माध्यम से भी चिन्हित किया जा रहा है। क्वारंटाइन किए गए परिवारों को आवश्यक वस्तुएं प्रदान करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
क्वारंटाइन घरों से अपशिष्ट पदार्थों का संग्रह और परिवहन करने के लिए 15 वाहनों को पीपीई किट से युक्त ड्राइवरों और हेल्परों की टीम के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है। क्वारंटाइन घरों को चार क्षेत्रों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक का निरीक्षण एक पर्यवेक्षक द्वारा किया जाता है। इन संग्रहन वाहनों के सभी चालकों ने ई-मानव संसाधन ट्रैकिंग परियोजना (ई-एचआरटीएस) के अंतर्गत जीपीएस युक्त स्मार्ट घड़ी पहन रखी है। डैशबोर्ड के माध्यम से इन स्मार्ट घड़ियों के द्वारा सभी वाहनों के आवागमन को ट्रैक किया जाता है। इस ट्रैकिंग का एकमात्र लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी
क्वारंटाइन किया घर छुट न जाए।
सार्वजनिक स्थलों को नियमित रूप से सैनिटाइज किया जा रहा है। ड्रोन का उपयोग करके घनी आबादी वाले क्षेत्रों, मलिन बस्तियों और मंडियों को सैनिटाइज किया जा रहा है।
मलोया गांव में प्रवासी-श्रमिकों के लिए शेल्टर की स्थापना की गई है, जहाँ पर श्रमिकों को पूर्व पकाया भोजन दिया जा रहा है। शहरी गरीबों के लिए, चंडीगढ़ सरकार ने एनयूएलएम और वेंडर सेल नेटवर्क के माध्यम से भोजन, साबुन, सैनिटरी नैपकिन और राशन का वितरण करने के लिए नागरिक समाज, निजी क्षेत्र, रेस्तरां और विभिन्न दानदाताओं के साथ करार किया है।
आपूर्ति श्रृंखला कायम रखना: चंडीगढ़ नगर निगम (एमसीसी) ने दुकानदारों की आवश्यकताओं की पहचान करने के लिए गूगल फार्म विकसित किया है और इसे वितरकों को उपलब्ध कराकर आपूर्ति श्रृंखला को कायम रखा है। प्रशासन ने विक्रेताओं की पहचान कर उन्हें विभिन्न श्रेणियों में पंजीकृत किया है और विक्रेताओं की श्रेणीवार सूची प्रसारित करने (दूध, किराने का सामान, फल सब्जी और दवा, आदि) और होम डिलीवरी के लिए प्रत्येक क्षेत्र के विक्रेताओं का मोबाइल नंबर जारी करने के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी ढंग से उपयोग किया है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने विभिन्न होम डिलीवरी ऐप आधारित विक्रेताओं और बड़े स्टोरों के साथ भी करार किया है जो घरों तक जाकर सामान पहुंचाते हैं और व्यापक सार्वजनिक हित के लिए अपने नंबरों को प्रसारित करते हैं। चंडीगढ़ नगर निगम ने चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग के सहयोग से नियमित रूप से प्रतिवेश-आधार पर फलों और सब्जियों को पहुंचाना शुरू किया है। यह सेवा सभी 12 लाख नागरिकों के लिए उपलब्ध है और पूरे शहर में इसका उपयोग डेढ़ लाख घरों द्वारा किया जा रहा है।
चंडीगढ़ नगर निगम आवश्यक वस्तुओं को सेक्टरों/ गांवों में ले जाने वाले वाहनों की ट्रैकिंग के लिए मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग कर रहा है जिससे संसाधनों का प्रभावी निगरानी और उपयोग किया जा सके। प्रारंभ में वाहनों को अधिकारियों द्वारा ट्रैक किया जा सकता है।
वेन्डर ट्रैकिंग के लिए एप्लिकेशन: चंडीगढ़ नगर निगम के पास विभिन्न इलाकों में आवश्यक वस्तुओं का वितरण करने के लिए चालकों के साथ डिलीवरी वाहन उपलब्ध हैं।