डा0 राममनोहर लोहिया ग्राम खुले में शौचमुक्त गांव पहला आइना
आगरा। डा0 राममनोहर लोहिया ग्राम खेड़ा जवाहर पहला खुले में शौचमुक्त गांव होने से अन्य गावों के लिए एक आइना बन गया है, जिसको देखते-देखते जनपद के 20 अन्य गावों के लोगों ने भी प्रयास कर खुले में शत-प्रतिशत शौचमुक्त करा लिया है। इस गांव में ‘‘स्वच्छ उत्सव‘‘ कार्यक्रम आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि बर्ल्ड बैक टीम डायरेक्टर जेनिफर सारा, विशिष्ट अतिथि ज्योति शुक्ला, सोमा घोष मॉलिक तथा एम.कुलप्पा का गांव पहुॅचाने पर बैण्ड बाजों के साथ स्वागत एवं फूलमालाओं को पहनाकर भव्य स्वागत किया गया...
विश्व बैंक निदेशक ने 21 ग्राम पंचायतों-रीछापुरा, इटायली, बिजकौली, डगरूपुरा, कांकरखेड़ा, भोनिगापुरा, खेड़ा जवाहर, गढ़ीउदयराज, डांडा, बडोबरा खुर्द, तोर, मोहनपुर, औरंगपुर, दहगवां, बसैया जोतराज, लड़ामदा, सरगना खेड़ा, मई बुजुर्ग, भिलावटी, नगला सिरस तथा सेवरा के ग्राम प्रधानों, खेड़ा जवाहर के पुरूष एवं महिला निगरानी समिति के सदस्यों का शॉल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्जवलित कर की गयी, कार्यक्रम आयोजन के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देश भक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को भाव विभोर कर दिया।
जिलाधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि पहले प्रयास में ही 21 ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त करा लिया गया है और 15 अगस्त तक प्रत्येक विकास खण्ड में 10 ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त कराते हुये प्रथम चरण के अन्तर्गत जनपद में कुल 150 ग्राम पंचायतों को शत-प्रतिशत खुले में शौचमुक्त कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इसका वास्तविक लाभ देखने के लिए अगले 06 माह बाद सत्यापन भी कराया जायेगा, जिससे जो शौचालय बने हैं वह वास्तव में प्रयोग हो रहे हैं अथवा नहीं, जब शत-प्रतिशत शौचालयों का प्रयोग होगा तो निश्चित रूप से बहुत बड़ी सफलता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि शौचालय न होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है और बच्चों की ग्रोथ 20 से 25 प्रतिशत तक रूक जाती है। उन्होंने कहा कि बहू-बेटी घर की इज्जत होती है इसलिए हम सभी को संकल्प लेना होगा कि बहू-बेटियों की इज्जत के लिए घर-घर शौचालय बनवाकर प्रयोग करने से स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने उपस्थित 150 ग्राम प्रधानों से हाथ उठवाकर वायदा कराया कि अगले 15 अगस्त तक अपने गावों को शत-प्रतिशत शौचमुक्त करायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शौचालय प्रयोग होने का फायदा व नुकसान आप सभी को होगा।
मुख्य विकास अधिकारी नगेन्द्र प्रताप ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि पिछले दो माह से जिन ग्रामवासियों ने संकल्प लिया है उससे ओतप्रोत होकर 150 की बजाय 250 ग्रामों को खुले में शौचमुक्त कराने का संकल्प करेंगे तो निश्चित रूप से यह सपना साकार होगा। इस कार्यक्रम में विशेष सहयोग देने के लिए सभी का धन्यवाद किया।
इस कार्यक्रम से पूर्व ग्राम जलालपुर में ट्रिगरिंग के माध्यम से ग्रामीणों को शौचमुक्त प्रयोग के फायदे व नुकसान बताये गये, जिससे एक के बाद एक करते-करते भारी संख्या में ग्रामीणों ने शौचालय बनवाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्व बैंक टीम निदेशक जेनिफर सारा, ज्योति शुक्ला, सोमा घोष मॉलिक तथा एम.कुलप्पा, डीएम पंकज कुमार, एसडीएम उमाशंकर, पीडी सचिन यादव, डीसी स्वच्छ भारत अभियान माधव वर्मा, बीडीओ ए.के सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरूष एवं महिलायें उपस्थित थे।
