28 मई 2016

ग्रामीण क्षेत्र में अब 1200 तथा शहरी क्षेत्र में 1400 मतदाताओं पर बनेगा मतदेय स्थल

सभी बूथ भूतल पर होंगे तथा प्राइवेट भवनों में बूथ नहीं होगा 


आगरा।जिलाधिकारी पंकज कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के सत्यापन सम्बन्धी बैठक करते हुये कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अब 1500 से अधिक मतदाताओं के स्थान पर ग्रामीण क्षेत्र में 1200 एवं शहरी क्षेत्र में 1400 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में से किसी भी मतदाता का सही नाम नहीं काटा जायेगा, और न ही किसी का अवैध नाम जोड़ा जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी बूथ भूतल पर ही होंगे तथा प्राइवेट भवनों में  कोई बूथ नहीं होगा। उन्होंने बताया कि...
मतदाता को अपने क्षेत्र में ही वोट डालने की व्यवस्था होगी, उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि बीएलए की सूची जल्द उपलब्ध करा दें, जिससे इन कार्यों में सुविधा रहेगी।
        बैठक में विधायक डा0 धर्मपाल सिंह ने कहा कि जनपद के कुछ क्षेत्रों में समस्या है कि एक गांव के मतदाताओं को दूसरे गांव में वोट डालने जाना पड़ता है इस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित उपजिलाधिकारी व तहसीलदार को निर्देशित किया कि ऐसे बूथों को ठीक कराना सुनिश्चित करें। विधायक गुटियारी लाल दुबेश ने देवरी रोड क्षेत्र में वोटरों की समस्या से अवगत कराया जिस पर जिलाधिकारी ने समस्या निस्तारण के निर्देश दिये। सांसद प्रतिनिधि डा0 रामेश्वर सिंह ने मानक के अनुसार ही मतदेय स्थल बनाने, चन्द्रसेन टपलू ने वोटरों के नाम सम्बन्धित विधान सभा क्षेत्र में ही व्यवस्थित करने तथा डा0 राजेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशानुसार निस्तारण सुनिश्चित करायें, जिससे किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो। 
      जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ0प्र0 द्वारा मतदेय स्थल पुननिर्धारण हेतु समय सारणी निर्धारित की गई है जिसके अन्तर्गत मतदेय स्थल बनाने हेतु भवनों का चयन, पुननिर्धारण तथा भवनों का भैतिक सत्यापन कार्य 30 मई तक पूर्ण कर, नये प्रस्तवित मतदेय स्थलों की ऑनलाइन डाटा इन्टी 02 जून तक, मतदाता स्थल सूची के आलेख्य की तैयारी तथा उसकी प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को 04 जून तक उपलब्ध करा दी जायेंगी। आपत्तियों एवं सुझावों हेतु मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन 08 जून तक तथा वर्तमान मा0 सांसद एवं विधायक तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठकों के आयोजन के पश्चात शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप 16 जून 2016 तक पूर्ण कर दिया जायेगा। 
       जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में पड़ने वाले ऐसे मतदेय स्थल जिन पर शहरी क्षेत्र में 1400 एवं देहाती क्षेत्र 1200 से अधिक मतदाता, है ऐसे मतदेय स्थलों का निरीक्षण करते समय यह ध्यान रखा जाय कि उसी मतदान केन्द्र में स्थापित अन्य मतदेय स्थलों में जहॉ 1400 अथवा 1200 से कम मतदाता हैं, तो 1400 और 1200 से अधिक मतदाताओं को उन्हीं मतदेय स्थलों में पूर्ण अनुभाग सहित समायोजित किया जाय। यदि उक्त केन्द्रों के सभी मतदेय स्थलों पर 1200 एवं 1400 मतदाता पूर्व से ही हैं, तो उसी केन्द्र पर सहायक मतदेय स्थल बनाया जाये यदि उस केन्द्र में अतिरिक्त मतदेय स्थल बनाने हेतु पर्याप्त  स्थान उपलब्ध नहीं है तो उसी मतदान क्षेत्र में सरकारी भवन उपलब्ध है, तो वहॉ पर अतिरिक्त मतदेय स्थल बनाया जाय। आशय यह है कि अनावश्यक रूप से नये मतदेय स्थल न बनायें, 
       उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि/रा0) राजकुमार ने बताया कि मतदेय स्थल सम्भाजन के पश्चात विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रवार विवरण के अनुसार विधान सभा क्षेत्र एत्मादपुर में 254 कुल केन्द्र, 443 कुल मतदेय स्थल,  आगरा केन्टोनमेन्ट 103 कुल केन्द्र, 439 मतदेय स्थल, आगरा दक्षिण 87 कुल केन्द्र, 405 मतदेय स्थल, आगरा उत्तर 85 कुल केन्द्र, 432 मतदेय स्थल,  आगरा ग्रामीण 192 कुल केन्द्र, 470 कुल मतदेय स्थल, फतेहपुर सीकरी 248 कुल केन्द्र, 401 कुल मतदेय स्थल, खेरागढ़ 236 कुल केन्द्र, 387 कुल मतदेय स्थल फतेहाबाद 278 कुल केन्द्र, 373 मतदेय स्थल, बाह 279 कुल केन्द्र, 394 कुल मतदेय स्थल सहित जनपद में कुल केन्द्र 1762 तथा कुल मतदेय स्थल 3744 होंगे। इस प्रकार से कुल बढे मतदान केन्द्रों की संख्या 41, तथा बढे मतदेय स्थलों की संख्या 431 होगी। 
      बैठक में विधायक डा0 धर्मपाल सिंह, गुटियारी लाल दुबेश, छोटेलाल वर्मा, डा0 राजेन्द्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि डा0 रामेश्वर सिंह, प्रतिनिधि भरत सिंह चौहान, सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिलाअध्यक्ष, सहायक जिलानिर्वाचन अधिकारी भारत सिंह, नगर मजिस्टेट रेखाएस चौहान, सभी एसडीएम, एसीएम, तहसीलदार, उपस्थित थे।