--इलाज के लिये टोल फ्री नम्बर पर करना होगा डायल

आगरा:बीते साल प्रदेश के बडे अस्पतालों में भी डाक्टर नहीं बैठते हो किन्तु नये साल में प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य को इस सेवा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जरूर कार्ययोजना बना ली है।इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश के साथ ही इसके लिए विभाग ने डेढ़ करोड़ रुपये भी आवंटित किए गये हैं...
आधिकारिक जानकारी के लोगों को चैबीस घंटे स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई मुहिम शुरू की है। डाक्टरों की कमी से जूझ रहा विभाग अब फोन पर ही सेहत की जानकारी देगा। इसके लिए टोल फ्री नम्बर 1800-180-1900 शुरू किया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत शुरू की जा रही इस व्यवस्था को 'हैलो डाक्टर' नाम दिया गया है। इस नंबर पर चौबीस घंटे डाक्टर की तैनाती रहेगी। मौसमी बुखार व अन्य किसी तरह की परेशानी होने पर टोल फ्री नंबर पर डायल कर बीमारी की लक्षण बताने पर डाक्टर की सलाह मिल सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार, टोल फ्री नंबर से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक तबीयत खराब होने पर संबंधित व्यक्ति को घर पर ही तत्काल उपचार मिल सकेगा। इसके लिए आशा बहुओं व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को टोल फ्री नंबर पर फोन करने के निर्देश पहले से ही दिए जा चुके हैं।
फोन करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्त्ताओं को डाक्टर दवाओं का नाम बताएंगे और वे मौके पर ही बीमार की मदद करेंगे। तत्काल उपचार मिलने से मरीज की हालत गंभीर नहीं हो पाएगी ।
इस कार्यक्रम की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग ने प्रचार प्रसार पर खर्च करने के लिए प्रत्येक जनपद को दो लाख रुपये आंवटित किए गए हैं। जनपद के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा जिला व संयुक्त चिकित्सालयों में वाल पेंटिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगवाने के निर्देश व अन्य प्रचार सामग्री का वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
