लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा है कि ‘‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2018’’ अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बिना भागीदारी के शहरों को स्वच्छ रखना सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा कि लखनऊ नगर निगम के सभी अधिकारियों,कर्मचारियों द्वारा शहर को स्वच्छ बनाने का गम्भीरता से प्रयास किया जा रहा है। नगर विकास मंत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 के तहत शहरों की रैकिंग की जायेगी और इस प्रक्रिया में कुल 4000 अंक अर्जित करना है, जिसमें सेवा स्तर की प्रगति के लिए 1400 अंक, प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण के लिए 1000 अंक तथा नागरिकों से फीडबैक प्राप्त करने के लिए 1600 अंक निर्धारित किये गये हैं। इससे स्पष्ट है कि इस अभियान में नागरिकों की भागीदारी एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसे इस सर्वेक्षण में सबसे अधिक महत्व दिया गया है।
