25 सितंबर 2016

युवा मिटाना चाहते हैं आगरा से गंदगी का दाग

आगरा। रेलवे  स्टेशन देश की छवि होती है। भारत में स्टेशनों पर और उसके बाहर गंदगी का होना एक आम बात है। खास तौर से  ट्रेन में यात्रा करते समय स्टेशन पहुँचने से पूर्व पटरियों की दोनों तरफ शहर भर का कूड़ा नज़र आता है। देश की आम जनता और बड़े बड़े नेता  यात्रा करते समय इसे अवश्य देखते हैं  लेकिन यात्रा खत्म होने पर भूल जाते हैं। किन्तु आगरा के युवाओं ने आगंतुकों के सम्मुख यहाँ के मुख्य रेलवे स्टेशन के रंग  रूप को बदलने का संकल्प उठाया। यहाँ  की इंडिया राइजिंग संस्था ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता, जागरूकता व सौन्दर्यकरण अभियान चलाया। टीम के चार दर्जन से अधिक सदस्यों ने इस क्षेत्र में स्वच्छता की व दीवारों पर सुन्दर चित्रकारी कर पूरे क्षेत्र को बहुत ही मनोरम बना दिया. इस स्टेशन से हर रोज आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के कारण यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है।  टीम के कार्य से यात्रियों पर स्वच्छता व सौन्दर्यकरण के प्रति सकारात्मक प्रभाव पड़ना लाजमी है। टीम के सदस्यों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता हेतु प्लेटफोर्म पर ट्रेनों का इंतज़ार कर रहे यात्रियों से सीधा संवाद भी किया।