लखनऊ। मौकापरस्त विधायकों का पार्टियों को बदलने का बाजार उत्तर प्रेदेश में गरम है। जिन वोटरों की ताकत पर जीत कर आये थे उनके बारे में ये लोग दल बदलने से पहले शायद ही सोचते हों। ताज़े समाचारों में कांग्रेस, बीएसपी और समाजवादी पार्टी को छोड़कर छह विधायक कोई न कोई बहाना बनाकर बीजेपी में सरक लिए हैं। ताली हमेशा दोनों हाथों से ही बजती है। अर्थात बीजेपी दल बदल कराने के लिए दाना अवश्य फैंक रही है। जिसका अंदाज़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के बयान से लगाया जा सकता है जिसमें उन्होंने दावा किया है कि ये तो बस शुरुआत है, जल्द ही और भी विधायक बीजेपी में शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले छह विधायकों में तीन कांग्रेस, दो बीएसपी और एक सपा के हैं। कांग्रेस का दामन छोड़ने वालों में विधायकों में कुशीनगर के विजय दूबे, बस्ती के संजय जयसवाल और बहराइच की माधुरी वर्मा शामिल हैं।
