मुख्यमंत्री की घोषणाओं के कार्यों में तेजी लायें आगरा में
ताजगंज के आसपास से ही संबधित है मुख्यमंत्री की प्राथमिकताये
आगरा: मण्डलायुक्त चन्द्रकान्त ने कहा है कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के कार्यों को तेजी के साथ
पूरा करवाया जाये।वह कमिश्नरी सभागार में मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के द्वारा आगरा के विकास के लिये की गई घोषणाओं की प्रगति के सम्बन्ध में समीक्षा कर रहे थे। बैठक में ताजमहल पूर्वी गेट रोड पर ट्राइडैण्ट तिराहा से सीसी रोड, फुटपाथ निर्माण, साइनेज निर्धारित साइज व कलर के हों, जो पेड़ लगाये गये हैं, वे छायादार के साथ ही आकर्षक भी होने चाहिए। पाठक प्रेस के निकट कैरेज-वे,ताजगंज एरिया में ताजमहल के सम्पर्क मार्गों के कैरेज-वे, पश्चिमी गेट पर स्टोन फुटपाथ, पुरानी मण्डी रोड पर कार्य पूर्ण हो चुका है। स्लम एरिया में शौचालयों का निर्माण, कम्युनिटी सेन्टर का निर्माण, मुगल म्यूजियम, ताज ओरियेन्टेशन सेन्टर शिल्पग्राम निर्माण, बटेश्वर में पर्यटन विकास एवं घाटों का जीर्णोंद्धार आगरा इनर रिंग रोड परियोजना, आगरा कैफे, गंगाजल प्रोजेक्ट, साइकिल पथ वे, ग्रीनफील्ड एक्सपे्रस-वे, सैयां-इरादतनगर मार्ग, शमशाबाद में सीवरेज व्यवस्था, पाइप वाटर सप्लाई, शौचालयों का निर्माण, कौलाराकलां में आईटीआई का निर्माण, शमशाबाद में पाॅलीटैक्निक का निर्माण के सम्बन्ध में कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिये कि साप्ताहिक प्रगति की आख्या उपलब्ध करायें। बैठक में जिलाधिकारी पंकज कुमार, एडीए उपाध्यक्ष मनीषा त्रिघाटिया, सचिव राजेशकुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी नगेन्द्र प्रताप, अपर आयुक्त पीके अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी हरनाम ंिसंह, उपनिदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
ताजंगज प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया
पूर्व में मण्डलायुक्त चन्द्रकान्त ने होटल टाइडैण्ट तिराहा से ताजमहल पूर्वी गेट तक गोल्फ कार्ट में बैठकर निरीक्षण किया और कई स्थानों पर पैदल चलकर ताजगंज प्रोजेक्ट के अन्तर्गत चल रहे कार्यों की हकीकत जानी। कई स्थानों पर बारिस के कारण पत्थर धंसने को गम्भीरता से लेते हुये राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर को सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री की घोषणाओं में उच्च प्राथमिकता में है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। ताजमहल पूर्वी गेट पहुंचकर जल निकासी के सम्बन्ध में स्थानीय दुकानदारों से भी वार्ता कर जानकारी ली।
मण्डलायुक्त ने शिल्पग्राम स्थित ताज सुरक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और पर्यटकों के साथ होने वाली घटनाओं सम्बन्धी वादों की जानकारी की। उन्होंने पर्यटकों के साथ होने पर्स छीनने जैसी घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुये कहा कि ऐसे लोगों के विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित कर सम्बन्धित पर्यटक को अवगत कराया जाये। निरीक्षण के समय उपनिदेशक पर्यटन दिनेश कुमार, राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर भी उपस्थित थे।