6 अप्रैल 2016

निजी दुश्मनी में मारे गये तंजील अहमद

दो गिरफ्तार शार्पशूटर अभी पकड से बाहर
(तंजीलअहमद :फायलफोटो)

बिजनौर: एनआईए अधिकारी तंजील अहमद की हत्या के मामले में पुलिस ने एक रिश्तेदार सहित  दो को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि रेहान नाम के इस शख्स के खिलाफ सबूत मिले हैं. हालांकि, गोली चलाने का शक जिस शूटर पर है वो अभी पुलिस के शिकंजे में नहीं आया है.
तंजील की हत्या का राज एक पिस्टल से खुला है. बिजनौर में डकैती के एक मामले में इस्तेमाल पिस्टल से ही तंजील को गोली मारी गई थी. डकैती की उस वारदात में शूटर
मुनीर आरोपी था. इसी सुराग से पुलिस पहुंची आरोपियों तक.
पूर्व में उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया था कि एनआईए अधिकारी की हत्या के पीछे निजी दुश्मनी ही है. जबकि, इस हत्या में आतंकी एंगल को भी देखा जा रहा था क्योंकि दिवंगत अधिकारी कई आतंकी मामलो की जांच में मुख्य भूमिका निभा रहे थे.
गौरतलब है कि तंजील शनिवार की रात बिजनौर में एक शादी से लौट रहे थे. तभी मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. 24 राउंड गोलियां चलाई गई और 9 गोलियां उनके जिस्म को पार करके बाहर निकल गई. इस फायरिंग में तंजील की मौक-ए-वारदात पर ही मौत हो गई.
जबकि, उनकी पत्नी को भी गोली लगी थी. हमलावरों ने जब इस वारदात को अंजाम दिया था तब उनके दोनों बच्चे भी कार में मौजूद थे. यूपी पुलिस के साथ ही इस मामले में दिल्ली पुलिस सहित अन्य कई एजेंसियां जांच में लगी हुई हैं.