16 अप्रैल 2015

भारत में अब छूआछूत और नहीं

                         सरिता बरारा )
ग्यारह वर्ष पहले उषा चौमर अलवर में मैला ढोया करती थी आज वे कईं राष्ट्रीय और अंर्तराष्ट्रीय मंचों पर  छूआछूत के खिलाफ़ और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को उठा रही हैं। 2003 में सुलभ अंर्तराष्ट्रीय सामाजिक सेवा संगठन ने उन्हे मैला ढोने की अमानवीय प्रथा से मुक्ति दिलाई थी और आज वो इसी संगठन  की अध्यक्ष हैं। लेकिन शायद इससे भी ज़्यादा महत्वपूर्ण यह कि एक राजपूत महिला शीला जिनके घर का वे मैला ढोती थीआज वे पहले की तरह उषा के साथ छूआछूत करने की बजाय उसके साथ उठने बैठने और खान पान करने में कतई परहेज़ नही करती और इससे भी ज़्यादा उषा के साथ छूआछूत के खिलाफ अभियान में  हिस्सा भी ले रहीं है। शीला का मानना है उषा के उदाहरण ने उनको सोच बदलने पर मजबूर किया है। हाल ही में ब्रिटिश एसोसिएशन ऑफ साउथ एशियन स्टडीज़ के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर लौटी उषा का कहना है कि वे चाहती है कि भारत समेत पूरे विश्व में जाति और रंग भेदभाव के नाम पर छूआछूत समाप्त हो और मैला ढोने जैसी अमानवीय प्रथा पूरी तरह से समाप्त हो जाए। संबोधन में अपने जीवन के कटु अनुभवों को बयान करते हुए कहा कि दलितों के लिये अभी बहुत किया जाना बाकी है...
‘‘यह सही है कि अब हम अछूत नही लेकिन जहां तक दलितों का सवाल है उनके पुर्नवास के लिये बदलाव लाना होगा ।2011 की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार हमारे देश में अब भी सात लाख चौरानवे हज़ार से ज्यादा लोगों द्वारा मैला ढोने का काम किया जा रहा है। मैला ढोने का काम करने वाले लोग और उनके परिवार सबसे ज़्यादा छूआछूत का शिकार हैं।     
छूआछूत को समाप्त करने का प्रावधान हमारे संविधान में ही शामिल कर दिया गया था और छूआछूत एक  दंडनीय अपराध है। लेकिन आज भी  हमारे देश में जाति के नाम पर छूआछूत जारी है। नेशनल कांउसल ऑफ अपलाइड इकोनॉमिक रिसर्च द्वारा 2011-2012 में कराये गये भारत मानव विकास सर्वेक्षण‘ के अनुसार चार में से एक भारतीय ने किसी ना किसी तरह की अस्पृष्यता या छूआछूत करने की बात को स्वीकार किया। बहुत सारे गांवो में आज भी लोग जाति के अनुसार बसाई गई बस्तियों में रहते हैं।
सुलभ अंर्तराष्ट्रीय सामाजिक सेवा संगठन ने सुलभ शौचालय खोल कर एक तरह से तकनीक का इस्तेमाल  समाज में बदलाव लाने के लिये किया। क्योंकि इससे वे काफी हद तक महिलायों को मैला ढोने की अमानवीय प्रथा से मुक्त कर उन्हे विस्थापित करने में कामयाब हो सके। लेकिन तकनीकी के द्वारा शौचालयों में मानव द्वारा मैला ढोने की ज़रूरत भले ही ना पड़े पर वे छूआछूत की मानसिकता को बदलने के लिये कुछ हद तक ही काम आ सकती है। इसीलिये आज संगठन ने जाति के नाम पर छूआछूत को समाप्त करने के देशव्यापी अभियान ‘‘ अब और छूआछूत नहीं‘‘ की शुरूआत की है।
श्री बिन्देश्वर पाठक का कहना है कि वे अब छूआछूत और नहीं के' अभियान को देश के कोने-कोने में फैलायेगे और लोगों को जातिवाद के खिलाफ जागरूक करेंगे।

'अब छूआछूत और नहीं' अभियान की शुरूआत के अवसर पर गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह का कहना था कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का स्वच्छ अभियान केवल गंदगी दूर करने के लिए नहीं हैबल्कि अस्पृश्यता के खिलाफ एक निर्णायक संघर्ष है। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि हालांकि देश में छूआछूत को खत्म करने के लिए काफी कुछ किया गया हैलेकिन अब भी बहुत कुछ करना बाकी है। साथ ही साथ उनका यह भी मानना था कि यह संभव है।