4 मार्च 2015

एक बलात्कारी का बीबीसी को तिहाड़ जेल में इंटरव्यू लेने की इज़ाजत कैसे दी गई - राजनाथ

केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का  लोकसभा में बीबीसी फोर के स्टोरीविले पर 'इंडियाज डॉटर' नामक शीर्षक से डॉक्यूमेंट्री पर दिये गये बयान के अंश – 
श्री राजनाथ सिंह ने कहा, ''जिस डॉक्यूमेंट्री को लेकर केवल सदन में ही नहीं, बल्कि सारा देश अपने को शर्मिंदा महसूस कर रहा है, उसके संबंध में सदन के सम्मानित सदस्यों ने भी अपनी चिंता और नाराजगी व्यक्त की है। मैं सदन को अवगत कराना चाहता हूं कि इस घटना के संबंध में ज्यों ही मुझे जानकारी मिली, इसी प्रकार की नाराजगी मेरे अंदर भी पैदा हुई थी और तुरंत संबंधित अधिकारियों को टेलीफोन मिलाकर मैंने इस संबंध में जानकारी हासिल की। जानकारी हासिल करने से पहले ही मैंने यह कह दिया था कि किसी भी सूरत में यह डॉक्यूमेंट्री प्रसारित नहीं की जानी चाहिए, चाहे वेब पोर्टल हो, चाहें प्रिंट मीडिया हो अथवा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हो। इसे रोकने
के लिए पूरी तरह से कार्रवाई की जानी चाहिए। कल ही अदालत द्वारा इस संबंध में हम लोगों ने एक आदेश प्राप्त कर लिया है और इलैक्ट्रॉनिक मीडिया में भी अब इसे कोई नहीं दिखाएगा। इतना ही नहीं, मुझे आश्चर्य है कि इसकी अनुमति 24 जुलाई, 2013 को दी गई। 24 जुलाई, 2013 को इस डॉक्यूमेंट्री के लिए उस दोषी व्यक्ति का, जो अपराधी था, उसका इंटरव्यू लेने के लिए इजाजत दी गई। मैं सचमुच बहुत अचम्भित हूं, हो सकता है कोई ऐसे प्रावधान रहे हों, जिनके तहत जेल में भी इंटरव्यू लेने की किसी को इज़ाजत दे दी गई हो। लेकिन एक बलात्कारी का इंटरव्यू लेने की इज़ाजत कैसे दी गई और किन परिस्थितियों में दी गई, यह सचमुच बहुत ही चौंकाने वाली घटना है।

इसलिए मैं पूरे मामले की जांच कराऊंगा। मैं यह भी तय करुंगा कि यदि ऐसा कोई प्रावधान है तो उस प्रावधान की समीक्षा होनी चाहिए, यदि किसी को तिहाड़ जेल में इंटरव्यू लेने की इज़ाजत दी जाती है। हम उस प्रावधान की समीक्षा करेंगे कि उसमें क्या संशोधन करने की आवश्यकता है। हम वैसा संशोधन करेंगे लेकिन साथ ही साथ हम निश्चित रूप से इस बात का पता लगाएंगे कि किन परिस्थितियों में इंटरव्यू लेने की इज़ाजत दी गई। बलात्कारी का इंटरव्यू लेने की इज़ाजत क्यों दी गई ? यदि जिम्मेवारी निर्धारित करने की जरूरत हुई तो मैं इसके बारे में जिम्मेवारी भी निर्धारित करूंगा। 

यह सदन जितना आहत है, उतना ही आहत मैं भी हूँ। इसलिए मैं सदन को अपनी ओर से आश्वस्त करना चाहता हूं कि एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई है। मैं समझता हूं कि इस घटना के संबंध में बहुत विस्तार में जाकर चर्चा करने का कोई औचित्य नहीं है। मैंने तुरंत ही इसका संज्ञान लिया और जो भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं, वह मैंने उठाए हैं और आगे भी जिन प्रावधानों के तहत इस प्रकार के आदेश निर्गत किए जाते हैं, आवश्यकतानुसार हम तुरंत उनकी समीक्षा करेंगे।

मैं सूचना और प्रसारण मंत्री से बात कर चुका हूँ और उनसे इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है ताकि यह देश के बाहर भी प्रसारित न किया जा सके।''