8 मार्च 2015

मेक इन इंडिया की सफलता की कुंजी है निर्यात – निर्मला सीतारमण

केन्‍द्रीय वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्री सुश्री निर्मला सीतारमण ने मुंबई में कहा कि मेक इन इंडिया पहल की सफलता सुनिश्चित करने में निर्यात एक प्रमुख भूमिका अदा कर सकता है। शनिवार की रात ईसीजीसी डुन एंड ब्रैड स्‍ट्रीट निर्यात प्रदर्शन पुरस्‍कार समारोह में बोलते हुए उन्‍होंने कहा कि जीडीपी में इसके योगदान को देखते हुए भारत में विनिर्माण आज की तुलना में कहीं ज्‍यादा हो सकता है। उन्‍होंने कहा कि जब मैं भारत में विनिर्माण, मात्रा और मूल्‍य दोनों के लिहाज से, की बात करती हूं, तो उसमें मैं अपने निर्यातकों की शामिल करती हूं, जिन्‍होंने कठिन समय में भी अपना हौसला बनाए रखा है। 

सुश्री सीतारमण ने 'व्‍यवसाय करने की सुगमता' के प्रति सरकार की वचनबद्धता को दोहराया और लोगों को भरोसा दिलाया कि निर्यात क्षेत्र के लिए भी ऐसे ही कदम उठाए जाएंगे। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि काफी कुछ कहा जा रहा है, तो काफी कुछ सरकार के स्‍तर पर किया भी जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि हाल ही में वित्‍त मंत्री द्वारा शुरू किया गया ई-बिज पोर्टल विनिर्माताओं एवं निर्यातकों के लिए एक बड़ा वरदान है। एक अन्‍य पोर्टल निर्यातकों के लिए जानकारी प्राप्‍त करने में मददगार होगा कि किस उत्‍पाद की कहां ज्‍यादा मांग है।