16 मार्च 2015

नायडू ने केन्द्र सरकार द्वारा राजनीतिक जासूसी किए जाने के आरोपों से इनकार किया

केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने केन्द्र सरकार द्वारा राजनीतिक जासूसी किए जाने की बात से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ की प्रक्रिया एक नियमित प्रक्रिया है और 1957 से शुरू हुई इस प्रक्रिया में अब तक 526 अति विशिष्ट लोगों काव्यक्तिगत ब्यौरा लिया जा चुका है। श्री नायडू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रश्न के उत्तर में जानकारी देने के साथ दावा किया कि "जासूसी का प्रश्न ही उत्पन्न नहीं होता"।
श्री नायडू ने बताया कि नेताओं की जानकारी को एकत्र करने का प्रोफॉर्मा 1999 में संशोधित किया गया था...
1999 में दिल्ली पुलिस ने इसमें ड्रेस और जूतों, मूंछ/दाढ़ी, बालों का रंग, शरीर पर विशेष पहचान चिन्ह, चाल-ढाल, शिक्षा और जन्मतिथि को शामिल किया था।
प्रोफाइलिंग के बारे में जानकारी देते हुए श्री नायडू ने बताया कि अब तक सोनिया गांधी का तीन बार, 1998 और उसके बाद यूपीए शासन के दौरान दो बार 2004 तथा 2014 में केन्द्र में व्यक्तिगत ब्यौरा लिया गया था। श्री प्रणब मुखर्जी का 2001 में तथा उसके बाद यूपीए शासन के दौरान 2010 में व्यक्तिगत ब्यौरा लिया गया था। श्री नायडू ने कहा जब यूपीए केन्द्र में थी उसी दौरान 2011-13 में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित और श्री अहमद पटेल का भी व्यक्तिगत ब्यौरा लिया गया था।