23 जनवरी 2015

यूरोपीय आयोग ने भारत से आम आयात पर प्रतिबंध हटाया

यूरोपीय आयोग ने भारत से आम आयात पर प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है। यूरोपीय आयोग ने 20 जनवरी, 2015 को ब्रुसेल्‍स में आयोजित अपनी बैठक में संबंधित ऑडिट के निष्‍कर्षों पर गौर करने के बाद इस आशय का निर्णय लिया। देश के किसानों एवं निर्यातकों के साथ-साथ यूरोप, खासकर ब्रिटेन के आम प्रेमियों ने भी इस खबर पर बड़ी खुशी जताई है।
कृषि मंत्रालय के वरिष्‍ठ अधिकारियों के प्रयासों का जिक्र करते हुए केन्‍द्रीय कृषि मंत्री श्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि यूरोपीय बाजार में प्रवेश करने वाले ताजा फलों एवं सब्जियों की जांच एवं प्रमाणन प्रणाली में आमूलचूल बदलाव किया गया। कृषि मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा पौध स्‍वच्‍छता से जुड़े निरीक्षकों, निर्यातकों, पैक हाउस ऑपरेटरों इत्‍यादि को गहन प्रशिक्षण दिया गया।