केन्द्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज यहां एक समारोह में दिल्ली पुलिस का महिला सुरक्षा ऐप ‘हिम्मत’ लांच किया। श्री राजनाथ सिंह ने संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए आपात संदेश के लिए ऐप्लीकेशन लांच करने के लिए दिल्ली पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस सभी आयु की महिलाओं को आत्मरक्षा तकनीकी का प्रशिक्षण दे रही है और अब तक 15,000 महिलाएं प्रशिक्षित की गई हैं। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा के ऐसे प्रशिक्षण से महिलाओं में आत्म-विश्वास की भावना विकसित होती है...
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय लोगों में परंपरागत रूप से महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदना रही है क्योंकि यहां महिलाओं की पूजा की जाती है और हमारे समाज में प्राचीन समय से महिलाओं का आदर किया जाता है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व अगले कुछ वर्षों में काफी बढ़ जाएगा। उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय ने केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व दो से तीन वर्षों में 1.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गृह मंत्रालय ने सभी राज्य सरकारों को राज्य पुलिस बलों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की सलाह दी है।