28 जनवरी 2021

वैश्विक वातावरण संरक्षण की दिशा में भारत-फ्रांस सहभागिता संपूर्ण विश्व के लिए एक उदाहरण पेश करेगी

 

( सुश्री बारबरा पोम्पिली तथा जावड़ेकर )
नई दिल्ली - फ्रांस की इकॉलॉजिकल ट्रांजिशन मंत्री सुश्री बारबरा पोम्पिली ने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भारत-फ्रांस की सहभागिता के महत्व को फिर से दोहराते हुए कहा कि, इस सहभागिता से भारत और फ्रांस दुनिया के लिए एक उदाहरण पेश करेंगे। फ्रांस की मंत्री ने कहा कि, “सतत विकास के क्षेत्र में भारत दुनियाभर के कई अन्य देशों को भी प्रेरित कर सकता है।"

केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर और फ्रांस की इकोलॉजिकल ट्रांजिशन मंत्री सुश्री बारबरा पोम्पिली ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारत-फ्रांस पर्यावरण वर्ष (इंडो-फ्रेंस ईयर ऑफ एंवायरमेंट) को लॉन्च किया। इसका मुख्य उद्देश्य सतत विकास के क्षेत्र में भारत-फ्रांस सहयोग को मज़बूत करना, वैश्विक पर्यावरण संरक्षण के पक्ष में होने वाली कार्रवाई के प्रभाव को बढ़ाना और और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है।

सुश्री बारबरा पोम्पिली की पहली भारत यात्रा पर उनका स्वागत करते हुए श्री प्रकाश जावड़ेकर ने जलवायु परिवर्तन की दिशा में किए जा रहे कार्यों के मद्देनज़र भारत-फ्रांस के बीच हुए गठबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि, “हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लॉन्च किए गए अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के दो मुख्य स्तंभ हैं। यह क्रान्तिकारी कदम अब एक सफलतम प्रयोग में बदल गया है। वैश्विक पर्यावरण संरक्षण की दिशा में दोनों देशों के बीच यह गठबंधन दुनिया के अन्य देशों के लिए सतत विकास के क्षेत्र में अधिक प्रभावशाली और कुशलतापूर्वक काम करने के लिए एक उदाहरण बनेगा।