22 फ़रवरी 2016

20 शहरों 25 जून त‍क स्‍मार्ट सिटी परियोजनाएं लॉन्‍च

शहरी विकास मंत्री  एम. वेंकैया नायडू ने प्रतिस्‍पर्धा के पहले चरण में चयनित 20 शहरों के प्रथम बैच से इस साल 25 जून तक अपनी-अपनी स्‍मार्ट सिटी परियोजनाओं को लॉन्‍च करने के लिए कहा है। प्रधानमंत्री द्वारा इस मिशन का शुभारंभ किये जाने का एक साल इसी तारीख को पूरा हो रहा है। नायडू ‘भारत स्‍मार्ट सिटी मिशन अगले कदम’ पर आयोजित एक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
राज्‍यों एवं केन्‍द्र शासित प्रदेशों के वरिष्‍ठ अधिकारियों और स्‍मार्ट सिटी मिशन में शीर्ष रैंकिंग वाले 20 शहरों तथा फास्‍ट ट्रैक प्रतिस्‍पर्धा में शिरकत कर रहे 23 शहरों के नगर निगम आयुक्‍तों ने दिनभर चली इस कार्यशाला में भाग लिया, जिस दौरान भावी कदमों पर विचार-विमर्श किया गया।..

नायडू ने विशेष जोर देते हुए कहा कि स्‍मार्ट सिटी प्रतिस्‍पर्धा शहरों के लिहाज से पूरी तरह तटस्‍थ है और इसके तहत किसी भी प्रतिभागी शहर से कोई भेदभाव नहीं किया गया है। इस बारे में विस्‍तार से बताते हुए उन्‍होंने कहा कि मूल्‍यांकन संबंधी पैमाने न तो किसी शहर के पक्ष में हैं अथवा न ही उसके खिलाफ हैं। क्रियान्‍वयन की रूपरेखा, परिणाम उन्‍मुखता, नागरिकों की भागीदारी, सोल्‍यूशन्‍स की स्‍मार्टनेस, शहर का विजन एवं रणनीति, अपनाई गई प्रक्रियाएं इत्‍यादि इन पैमानों में शामिल हैं।