2 फ़रवरी 2015

अपराधियों एवं आतंकवादियों से निपटने के लिए सख्‍त पुलिस जरूरी - गृह मंत्री

केन्‍द्रीय गृह मंत्री  राजनाथ सिंह ने कहा है कि अपराधियों एवं आतंकवादियों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई सुनिश्‍चित करने के लिए आम जनता के अनुकूल, लेकिन सामान्‍य तौर पर सख्‍त रुख बरतने वाली पुलिस अत्‍यंत जरूरी है। केन्‍द्रीय गृह मंत्री आज बंगलुरू में आयोजित एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक के दौरान कर्नाटक में कानून-व्‍यवस्‍था की मौजूदा स्‍थिति की समीक्षा कर रहे थे। 
केन्‍द्रीय गृह मंत्री ने कर्नाटक पुलिस को अपने यहां सभी रिक्‍तियां प्राथमिकता के आधार पर भरने का सुझाव दिया, जो पुलिसकर्मियों की कुल संख्‍या का तकरीबन 20 फीसदी है। उन्‍होंने कर्नाटक पुलिस से अत्‍याधुनिक प्रौद्योगिकी..
अपनाने और पुलिस बल का आधुनिकीकरण करने को कहा। 
श्री राजनाथ सिंह ने बंगलुरू में रहने वाले पूर्वोत्‍तर राज्‍यों के लोगों से भेदभाव किए जाने संबंधी रिपोर्टों पर आगे की कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को आवश्‍यक निर्देश दिए। केन्‍द्रीय गृह मंत्री ने बांग्लादेश से कर्नाटक राज्‍य में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले लोगों पर लगातार कड़ी नजर रखने का भी निर्देश राज्‍य प्रशासन को दिया। राज्‍य में पहले से ही एक्‍टिवेट (सक्रिय) किए जा चुके सिम कार्डों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के मसले पर भी बैठक में चर्चा हुई।