29 जुलाई 2019

देशभर के 10 ऐतिहासिक स्थल रात 9 बजे तक खुले रहेंगे

नई दिल्ली।  संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने घोषणा की है कि देशभर के 10 ऐतिहासिक स्थलों को देखने का समय बढ़ा दिया गया है और यह स्थल प्रातः काल से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुले रहेंगे। संस्कृति मंत्री ने नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। इसके पहले ये दर्शनी स्थल आम जनता के लिए सुबह 9 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक खुले रहते थे। श्री पटेल ने कहा कि यह निर्णय आम जनता और पर्यटकों के लाभ के लिए लिया गया है जो इन ऐतिहासिक स्थलों की सुंदरता देखने के लिए यहाँ आते हैं।

पर्यटन मंत्री ने यह भी बताया कि इन 10 ऐतिहासिक स्थलों के अलावा अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भी समय बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। प्रथम चरण में जिन 10 ऐतिहासिक स्थलों को चुना गया है वे  इस प्रकार हैं , राजरानी मंदिर परिसर भुवनेश्वर,दूल्हादेव मंदिर, खजुराहो छतरपुर,शेख चिल्ली
मकबरा, थानेसर कुरुक्षेत्र,सफदरजंग मकबरा दिल्ली,हुमायूँ का मकबरा, दिल्ली,कर्नाटक के पट्टडक्कल में स्मारकों का समूह,गोल गुम्बज विजयपुर,मंदिरों का समूह, मारकंडा, चामुर्सी गढ़चिरोली,मान महल, वेधशाला वाराणसी,रानी-की-वाव पाटन।