17 नवंबर 2018

हाथी के दर्द को समझा आगरा ने, खोला देश का पहला हाथी अस्पताल

आगरा। देश के वन जीव संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए जनपद के फरह क्षेत्र में देश का पहला हाथी अस्पताल का उद्घाटन मण्डलायुक्त अनिल कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जनपद व क्षेत्रवासियों के लिए बडे़ गर्व की बात होगी कि देश का पहला हाथी अस्पताल यहां पर खोला गया है। उन्होंने कहा कि अब यह क्षेत्र ताज व कृष्ण नगरी के साथ-साथ हाथी अस्पताल के लिए भी जाना जायेगा। उन्होंने भारत के वनजीव संरक्षण जागरूकता अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे उद्देश्यों की पूर्ति के लिए 1995 में स्थापित गैरसरकारी संस्था (एनजीओ) एसओएस की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था हाथियों का रेशियो करके अस्पताल में उनका सभी तरह
का इलाज करेगी। उन्होंने आगरा एवं मथुरा क्षेत्र में बन्दरों के उत्पात से परेशान जनता की चिंता करते हुए इस संस्था के सहयोग से एक व्यापक कार्ययोजना बनाने की अपेक्षा की जिससे जनता को बन्दरों से निजात मिल सके।