13 नवंबर 2017

थाईलैण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच अच्छे कारोबारी सम्बन्ध स्थापित होंगे

योगी आदित्यनाथ थाईलैण्ड के राजदूत के साथ 
लखनऊ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  से  थाईलैण्ड के राजदूत चुटिंटर्न गाॅन्ग्साक्डी के नेतृत्व में वहां के एक प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की। थाईलैण्ड के राजदूत ने उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों एवं निवेश के लिए बनाये गये माहौल की प्रशंसा करते हुए राज्य में निवेश की इच्छा जतायी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने थाईलैण्ड के राजदूत एवं प्रतिनिधिमण्डल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश की अनेक सम्भावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में वस्त्र उद्योग, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन विकास तथा अवस्थापना विकास के क्षेत्र में निवेश के अच्छे मौके उपलब्ध हैं। राज्य सरकार प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराएगी।
कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार प्रदेश के किसानों की आय वर्ष 2022 तक दो-गुनी करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसमें हर प्रकार का सहयोग स्वागत योग्य है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार की निवेशोन्मुखी नीतियों के चलते उद्योगपतियों के मन में उत्तर प्रदेश में निवेश के प्रति विश्वास जागृत हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि थाईलैण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच अच्छे कारोबारी सम्बन्ध स्थापित होंगे और वे राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।