27 अक्तूबर 2017

ताजमहल के पास झाड़ू लगाने से खूब प्रचार मिला योगी को

आगरा।मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ द्वारा ताजमहल के पास  झाड़ू लगाना खूब चर्चा में चल रहा है देश भर में । क्योंकि उन्होंने झाड़ू लगाने का स्थान चुना ताजमहल के पास। उन्होंने हाथ में झाड़ू थाम कर  स्वयं सफाई की और लोगों से इस अभियान से  जुड़ने का सन्देश दिया। उन्होंने कहा  हमारे आस-पास गंदगी व्याप्त है। हम जाने-अनजाने में सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करते हैं, हमारे देश के प्रधानमंत्री ने स्वच्छता का बीड़ा उठाया और स्वयं अग्रणी भूमिका निभाकर लोगों को इस मिशन से जुड़ने का आह्वान किया है। आज हर व्यक्ति साफ-सफाई के लिए कुछ ना कुछ समय दे रहा है, जल्द ही हमारा देश-प्रदेश स्वच्छता की नई इबारत लिखेगा तथा गंदगी से होने वाली बीमारियों से लोगों को बचाया जा सकेगा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देखा था, उनका कहना था कि स्वतंत्रता से ज्यादा जरूरी स्वच्छता है, उनके सपने को साकार करने की दिशा में केन्द्र व प्रदेश सरकार सफाई अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और निर्मलता दोनों ही स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। देश प्रदेश को स्वच्छ बनाने का काम किसी एक व्यक्ति या सरकार द्वारा नहीं किया जा सकता। इस अभियान से देश व प्रदेश के प्रति व्यक्ति को जोड़ना होगा, तभी यह कार्यक्रम सफल होगा।