5 जनवरी 2015

रेलवे ने कोलकाता-ढाका के बीच 'मैत्री' एक्सप्रेस के फेरों में बढ़ोत्तरी की


रेल मंत्रालय ने संबंधित सरकारी एजेंसियों से विचार-विमर्श के बाद कोलकाता से ढाका छावनी तक चलने वाली मैत्री एक्सप्रेस के फेरों को बढ़ाने का निर्णय लिया है। हर सप्ताह दोनों ओर से अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। भारतीय रेलवे ने अपने खुद के रैकों..
के जरिए 4 जनवरी, 2015 से हर रविवार को कोलकाता से ढाका छावनी तक और 5 जनवरी, 2015 से हर सोमवार को ढाका छावनी से कोलकाता तक के लिए मैत्री एक्सप्रेस चलाने का फैसला किया है। यह व्यवस्था तयशुदा समय सारणी के साथ 29 जून, 2015 तक लागू रहेगी। इन दिनों के अलावा यह सेवा कोलकाता से मंगलवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। उसी तरह ढाका से मैत्री एक्सप्रेस बुधवार और शुक्रवार को भी चला करेगी।छह माह पूरा होने के बाद यह व्यवस्था बदल जाएगी और बांग्लादेश रेलवे अपने रैकों के जरिए ढाका छावनी से 5 जुलाई, 2015 से प्रत्येक रविवार और कोलकाता से प्रत्येक सोमवार तयशुदा समय-सारणी के तहत मैत्री एक्सप्रेस चलाएगा। इन दिनों के अलावा यह सेवा मंगलवार, बुधवार,शुक्रवार और शनिवार को भी उपलब्ध होंगी।