10 जुलाई 2017

विदेशों में रोजगार के लिए फर्जी एजेंटों से बचें - गौरव दयाल

( जिलाधिकारी गौरव दयाल )
आगरा।बहुत से लोग विदेशों में नौकरी पाने के चक्कर में फर्जी  एजेंटों के चंगुल में फंस जाते हैं। आगरा  जनपद वासियों से अपील करते हुए जिलाधिकारी गौरव दयाल ने कहा कि विदेशों में सुरक्षित और वैध प्रवासन के प्रति जन मानस में जागरूकता बढ़ाये जाने की आवश्यकता है। विदेशों में रोजगार हेतु जाने वाले कुल कामगारों में से लगभग 30 प्रतिशत से अधिक भागीदारी उ0प्र0 से है। कई भारतीय प्रवासी कामगार विदेशी रोजगार के लिए विदेशों में फर्जी भर्ती एजेंटों  के माध्यम से जाते हैं, जिसके परिणाम स्वरूप उनके साथ वेतन, कार्य, दशाओं, लाभों आदि के सम्बन्ध में धोखा हो जाता है। विदेशों में कई भारतीय कामगार विदेश नियोक्ताओं के हाथों शोषण और दुव्र्यवहार के भी शिकार हो चुके हैं। 
     श्री  दयाल ने कामगारों को विदेश में मुख्यतः खाड़ी देशों में रोजगार के लिए सुरक्षित एवं वैध उत्प्रवासन हेतु जन मानस में जागरूकता बढ़ाये जाने पर बल दिया है। उन्होंने जनपद वासियो से अपील
की है कि विदेश में नौकरी पाने के लिए केवल विदेश मंत्रालय में पंजीकृत भर्ती एजेंटों  के माध्यम से ही जाया जाय। किसी भी दशा में फर्जी ऐजेन्टों के माध्यम से न जाय, तथा जाते समय किसी व्यक्ति द्वारा दिया गया कोई भी पैकेट लेकर न जायें। जिस काम के लिए जा रहे हैं उसका थोड़ा प्रशिक्षण लेकर अवश्य जाय तथा विदेश पहुंचते ही भारतीय दूतावास से सम्पर्क करें।